अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। असोहा थानाक्षेत्र में शनिवार रात साइड न देने पर कार सवार युवकों ने कालूखेड़ा चौकी के निकट जमकर हंगामा किया। युवकों ने साइड न देने वाले ट्रक चालकों के साथ मारपीट भी की। उन्होंने खुद को सत्ता का करीबी बताते हुए चालकों पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने साइड न देने वाले दोनों ट्रकों को ओवरलोड होने की बात कह सीज कर दिया।
शनिवार रात मौरावां मोहनलालगंज मार्ग पर कालूखेड़ा के निकट कार सवार युवकों ने दो ट्रकों को रोककर हंगामा शुरू कर दिया। कालूखेड़ा चौकी पुलिस पर ट्रक चालकों पर कार्रवाई करने का दबाव बनाया। इस पर पुलिस ने खनन अधिकारी को मौके पर बुलाया और दोनों ट्रकों के ओवरलोड होने की बात कह उन्हें सीज कर दिया। बताया जा रहा है कि हंगामा करने वाले युवक सत्ता दल के एक विधायक के करीबी हैं।
उधर देर रात पुरवा के पूर्व विधायक उदयराज यादव ने चौकी पर पहुंच पुलिसिया कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने कहा कि सत्ता के दबाव में क्षेत्र की पुलिस कार्य कर रही है। ट्रक चालकों ने माफी भी मांगी थी लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई। एसओ राजकुमार सरोज ने बताया कुछ लोगों ने ट्रक को रुकवाकर खनन अधिकारी को बुलाया था। खनन अधिकारी की रिपोर्ट पर दोनों ट्रकों को सीज किया गया है।
- पुलिस ने ओवरलोड के आरोप में सीज किए दो ट्रक
-ट्रक चालकों पर साइड न देने पर पुलिस पर कार्रवाई का बनाया था दबाव