अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। शहर कोतवाली के एक मोहल्ले में किराए के मकान में भाई के साथ रहकर एसआई की तैयारी कर रही युवती के साथ घर में घुसकर मोहल्ले के ही युवक ने छेड़छाड़ की। युवती ने सौ नंबर डायल कर पुलिस को बुलाया। पुलिस आरोप युवक को कोतवाली लाई। पूछताछ में युवक रायबरेली में तैनात सिपाही का बेटा निकला। पीड़िता की तहरीर पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती दो सालों से भाई के साथ शहर के एक मोहल्ले में रहकर एसआई की तैयारी कर रही है। शुक्रवार रात मोहल्ले में रहने वाला युवक नशे की हालत में युवती के घर में घुस गया और छेड़छाड़ करने लगा। घटना के समय उसका भाई घर के बाहर था। युवती के शोर मचाने पर मोहल्ले वाले पहुंच गए। मोहल्ले वालों को आता देख युवक ने भागने का प्रयास किया। लेकिन उसे पकड़ लिया गया। घटना की सूचना पर भाई भी मौके पर पहुंच गया।
युवती ने सौ नंबर डायल कर घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को कोतवाली लाई। युवक का डाक्टरी परीक्षण कराने के बाद पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसका पिता सिपाही है और वह रायबरेली में तैनात हैं। शनिवार को पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवक को भी हिरासत में लिया गया है।
सिपाही का बेटा छेड़खानी में धरा गया
शहर के एक मोहल्ले में भाई के साथ किराए के मकान में रहकर युवती कर रही एसआई की तैयारी
पीड़ित की तहरीर पर युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, आरोपी का पिता रायबरेली में तैनात है