बीघापुर। बाइक सवार बदमाशों ने सेल्समैन को तमंचा लगा नगदी से भरा बैग लूट लिया। पिकअप सवार सेल्समैन को रोकने के लिए बदमाशों ने पिकअप के आगे बाइक खड़ी कर दी थी। भागने से पहले उन्होंने पिकअप की वायरिंग भी काट दी। बदमाशों के भागने के बाद सेल्समैन ने यूपी 100 व पुलिस को सूचना दी। पीड़ित के अनुसार बाजार से वसूले गए 61 हजार रुपये बैग में थे। पुलिस ने घटना को संदिग्ध बताते हुए पिकअप चालक व सेल्समैन से पूछताछ कर रही है।
शहर की ओम ट्रेडिंग कंपनी के मालिक नंद किशोर बाजपेई ने बताया कि वह कई कंपनियों के खाद्य व अन्य उत्पादों के स्टाकिस्ट हैं। रविवार को उनकी पिकअप कई कंपनियों के उत्पादों की डिलीवरी करने गई हुई थी। बीघापुर से लौटते समय बहुराजमऊ के निकट बदमाशों ने उनका पिकअप रुकवा लिया। घटना के वक्त उनका कर्मी धीरज यादव पिकअप चला रहा था। जबकि उसमें मुनीम विनोद पटेल व लेबर मोहित मौजूद था। बाइक सवार बदमाशों में एक युवक ने मुनीम विनोद पटेल पर तमंचा तान दिया व वसूली के 61 हजार रुपये से भरा बैग छीन लिया।
इस बीच भागते समय उन्होंने ड्राइवर से पिकअप की चाबी छीन ली व गाड़ी की वायरिंग भी काट दी। बदमाशों के भागने के बाद मुनीम व चालक ने पुलिस को सूचना दी। लूट की सूचना पर पहुंची पुलिस पिकअप सवार मुनीम, चालक व लेबर को थाना लिवा लाई। जहां उनसे पूछताछ शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी बीघापुर पवन कुमार ने बताया कि सभी से पूछताछ की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि एजेंसी मालिक ने अभी तहरीर नहीं दी है। घटना संदिग्ध लग रही है। जांच की जा रही है।
-सेल्समैन के अनुसार बैग में थे 61 हजार रुपये
-भागते समय पिकअप की वायरिंग काट गए थे बदमाश
-पुलिस ने सेल्समैन, पिकअप चालक से की पूछताछ