उन्नाव। अजगैन स्थित रेलवे क्रासिंग का गेटबूम मंगलवार देर रात वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को अजगैन रेलवे स्टेशन पर रोका गया। करीब बीस मिनट तक रेलमार्ग बाधित रहा। आरपीएफ ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ-कानपुर रेलमार्ग पर अजगैन स्थित रेलवे क्रासिंग मंगलवार रात करीब 12:30 बजे बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का सिग्नल होने पर गेटमैन ने क्रासिंग बंद कर दी। इस दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन चालक ने गेटबूम में टक्कर मार दी। वाहन की जोरदार टक्कर से गेटबूम बुरी तरह क्षतिगस्त हो गया। इस दौरान चालक वाहन समेत भाग निकला।
गेटमैन सुरेश कुमार ने घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने आनन-फानन लखनऊ से कानपुर तरफ जा रही रनथ्रू बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का अजगैन स्टेशन पर ठहराव कराया। इसके बाद गेटमैन ने लोहे की चेन लगाकर ट्रेन को करीब बीस मिनट बाद कॉशन पर गुजारा। बुधवार दोपहर तक अप-ट्रैक पर ट्रेनों को कॉशन पर चलाया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर श्रीनिवास मिश्रा ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी चालक की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही हैं।
-आरपीएफ ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
-अजगैन रेलवे क्रासिंग पर मंगलवार देर रात हुई थी घटना