अमर उजाला ब्यूरो
औरास (उन्नाव)। घर से बाहर कूड़ा फेंकने गई दस वर्षीय बच्ची को गांव का युवक जंगल में खींच ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। दरिंदे के चंगुल से छूटने पर बच्ची लहूलुहान हालत में घर पहुंची और माता-पिता को घटना की जानकारी दी।
पीड़िता को लेकर पिता थाने पहुंचा तो वहां पर मौजूद हल्का पुलिस ने उससे मामला सुलटाने की कोशिश की। इसी बीच मामला मीडिया के संज्ञान में आ गया तो आनन-फानन में थाना प्रभारी ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया। बच्ची को मेडिकल कराने केे लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
औरास थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी दस वर्षीय बच्ची गुरुवार शाम करीब 5 बजे घर से 200 मीटर दूर कूड़ा फेंकने गई थी। तभी गांव का ही चांद मोहम्मद (19) पुत्र इकबाल उसे पकड़कर वन विभाग के जंगल में खींच ले गया। वहां युवक ने उसका मुंह दबाकर जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता का पिता शुक्रवार सुबह बच्ची को लेकर थाने पहुंचा।
यहां हल्के की पुलिस मामले को ले-देकर सुलटाने का दबाव बनाने लगी। शनिवार शाम 4 बजे मामला मीडिया के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी अनिल सोनकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
-बच्ची को लेकर थाने पहुंचे पिता से हल्का पुलिस मामला सुलटाने में लगी
-मामला मीडिया के संज्ञान में आने के बाद थाना प्रभारी ने दर्ज किया मुकदमा