अचलगंज। थानाक्षेत्र के एक गांव में महिला ने पति को घर में बंधक बना लिया। इस बीच प्रेमी के साथ मिलकर उसे लाठी डंडे से जमकर पीटा। पति के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस आरोपी महिला, उसके प्रेमी व पति को थाने लेकर चली गई। पति का आरोप है कि उसने पत्नी को प्रेमी के साथ घर में देखा था। जब पत्नी को धमकाया तो उसने उसे पीट दिया।
अचलगंज थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि वह पत्नी के साथ खेतों की सिंचाई कर रहा था। शनिवार शाम पत्नी खेत से घर लौट आई। कुछ देर बाद वह घर पहुंचा। घर का दरवाजा खुला होने से वह कमरे में पहुंच गया। जहां पत्नी को प्रेमी के साथ रंगरेलियां मनाते देख लिया। इस पर वह पत्नी को मारने दौड़ा। युवक का आरोप है कि इसी बीच पत्नी के प्रेमी ने दरवाजा बंद कर लिया और पत्नी के साथ मिल उसकी पिटाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि भगवंतनगर में केंद्रीय गृहमंत्री के कार्यक्रम की वजह से पूछताछ नहीं की जा सकी है। पूछताछ के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- अचलगंज थानाक्षेत्र के एक गांव की घटना
- पुलिस ने महिला, उसके प्रेमी व पति को हिरासत में लिया