कार के नाम पर भांजे से ठग लिए दो लाख रुपये
उन्नाव। साझेदारी में कार खरीदने की बात कहकर मामा ने भांजे से दो लाख रुपये हड़प लिए। कार न मिलने पर युवक ने रुपये मांगे तो मामा ने साथियों के साथ अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने थाने में मामा पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।
आसीवन थाना के कस्बा रसूलाबाद निवासी अमित मौर्य पुत्र कप्तान मौर्य ने बताया कि सहदोई गांव निवासी मामा रामकरन ने जून माह में उससे साझे में कार खरीदने की बात कही थी। कार खरीदने के लिए उसने दो लाख चालीस हजार रुपये लिए थे। कार के लिए अमित ने माखी थाना क्षेत्र के सदमपुर गांव निवासी ससुर देवराज से एक लाख रुपये भी उधार लिए थे।
अमित का आरोप है कि कार खरीदने के बाद मामा ने उसे अपने नाम करा लिया। मांगने पर मामा रुपये लौटाने का आश्वासन देते रहे। आठ सितंबर को मामा साथियों के साथ उसके घर पहुंचे। इन्होंने अभद्रता की। इस दौरान दोबारा रुपया मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी। थानाध्यक्ष नारदमुनि सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
- साझे में कार खरीदने का आश्वासन देकर मामा ने लिए थे रुपये
अमर उजाला ब्यूरो