उन्नाव। माखी थानाक्षेत्र के थोक सराय में बच्चों के विवाद में हथियार बंद लोगों ने महिला समेत तीन लोगों को लाठी डंडे से पीट दिया। घर में आग लगा दी। आग से घर में रखी गृहस्थी जल गई। पीड़ितों ने माखी पुलिस को घटना की तहरीर दी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ितों की शिकायत पर एसपी ने मांखी पुलिस को आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
माखी थानाक्षेत्र के थोक सराय निवासी रिंकी पत्नी सोनू की तहरीर के मुताबिक 21 जनवरी की शाम उसके व पड़ोस के बच्चों के बीच खेल में विवाद हो गया था। दूसरे बच्चे के परिजन उसके घर पहुंच गए और विवाद करने लगे। उसने जब विरोध किया तो छह लोगों ने पति, सास व उसे जमकर पीटा। इसके बाद घर में आग लगा दी। रिंकी के अनुसार घर में बक्से में रखे 11 हजार रुपये व कीमती सामान रखा था। आग से सब जल गया। आग बुझाने के बाद वह थाने पहुंची और शिकायती पत्र दिया। हालांकि पुलिस ने उसे टरका दिया। ऐसे में गुरुवार को वह एसपी कार्यालय पहुंची। एसपी हरीश कुमार ने माखी पुलिस को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
-पीड़ितों ने कार्रवाई के लिए एसपी को दिया शिकायती पत्र
-एसपी ने माखी पुलिस को कार्रवाई के दिए निर्देश