उन्नाव। प्लॉट का दाखिल खारिज कराने के लिए सहायक चकबंदी अधिकारी के पेशकार का 16 हजार रुपये घूस लेते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। घूस देने वाले ने डीएम रवींद्र कुमार से शिकायत कर जांच की मांग की है। डीएम ने चकबंदी अधिकारी को मामले की जांच कराकर पेशकार पर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
तहसील बांगरमऊ के मवई घनश्याम गांव निवासी अजय कुमार ने दूसरे गांव शेखपुर कला में अपने पिता खुशीराम के नाम से एक प्लाट खरीदा था। गांव चकबंदी में होने के कारण प्लाट का दाखिल खारिज कराने के लिए सहायक चकबंदी अधिकारी के पेशकार से संपर्क किया। अजय कुमार का आरोप है कि पेशकार ने इसके एवज में 16 हजार रुपये की घूस मांगी। अजय ने पेशकार को पैसा देते हुए वीडियो बना लिया। पैसा देने के बाद भी दाखिल खारिज नहीं हुआ तो बुधवार को अजय ने वीडियो वायरल किया। डीएम को शिकायतीपत्र देकर दाखिल खारिज कराने की मांग की। उसने साक्ष्य के रूप में डीएम को घूस लेने का वीडियो भी दिया है।