बेटे की मौत पर पोस्टमार्टम हाउस में गमगीन बैठा पिता रामभजन। संवाद
- फोटो : UNNAO
सफीपुर। बहनोई के गांव में रहने वाले अपने दोस्त की शादी में गए कारीगर का शव रेलवे लाइन के अंडरपास में मिला। पर्स गायब होने व सिर के कुछ बाल व मोबाइल पास पड़ा मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने नशे की हालत में गिरने से मौत की संभावना जता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
कल्लूखेड़ा गांव निवासी राजू (35) पुत्र रामभजन पिछले 10 वर्ष से पंजाब के लुधियाना में कपड़ा फैक्टरी में कढ़ाई का काम कर रहा था। मंगलवार को दरौली गांव में रहने वाले बहनोई सुनील के गांव के दोस्त विपिन की शादी थी। वह लुधियाना से बरात में शामिल होने के लिए मंगलवार सुबह ही गांव पहुंचा था। शुक्लागंज में शादी में शामिल होने के बाद वह बस से बहनोई सुनील के घर जाने के लिए निकला। बस में सवार बारातियों के अनुसार रात दो बजे बस दरौली गांव पहुंच गई। नशे की हालत में राजू बस से उतरा और लापता हो गया। घर न पहुंचने पर सुनील ने उसकी खोजबीन की पर पता नहीं चल सका। सुबह गांव के पास रेलवे लाइन के अंडरपास में उसका शव मिला।
बांगरमऊ से पहुंचे परिजनों ने बताया कि राजू सात हजार रुपये लेकर घर से गया था। उसकी पर्स गायब है। जेब में 100 रुपये मिले हैं। शव के पास सिर के कुछ बाल पड़े मिले हैं। भांजे पवन कुमार ने लूट के बाद हत्या की आशंका जताई है। कोतवाल चंद्रकांत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। आरोप जैसी तहरीर नहीं मिली है। तीन भाइयों में राजू बड़ा व अविवाहित था।