बांगरमऊ। प्रधानमंत्री आवास योजना की आई दूसरी किस्त से साइबर ठगों ने 1.24 लाख रुपये निकाल लिए।
न्यू कटरा निवासी प्रमोद कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में दूसरी किस्त के डेढ़ लाख रुपये आए थे। उसने 23 सितंबर को 25 हजार रुपये निकाल लिए थे। दूसरे दिन 24 सितंबर को फिर पैसा निकालने गया तो बैंक के कर्मचारियों ने बाकी रुपये अगले माह निकलने की बात कहकर वापस कर दिया गया। एयरटेल बैंक से वापस आने पर उसके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि तुम्हारे खाते की लिमिट कम हो गई है। तुम्हारे मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा। वह बता देना।उसने ओटीपी नंबर फोन करने वाले को बता दिया। इसके बाद खाते से 1.24 लाख रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर जब मैसेज आया तो उसके होश उड़ गए। उसने एयरटेल ऑफिस से बात की तो वहां से कोतवाली में शिकायत करने को कहा गया। कोतवाली प्रभारी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि प्रमोद कुमार की तहरीर साइबर सेल को भेजी गई है। जांच चल रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित ने सोमवार को एसपी को शिकायतीपत्र देकर कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।