बारासगवर। खरझारा गांव में रविवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) व प्रधान के पति चुनावी खुन्नस में आमने-सामने आ गए। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। बीडीसी ने प्रधान के पति व उसके साथियों पर घेरकर अभद्रता करने व मारपीट का आरोप लगा पुलिस को तहरीर दी है। वहीं, प्रधान के पति ने चुनावी रंजिश में बीडीसी पर मारपीट किए जाने की तहरीर दी है।
बारासगवर थाना क्षेत्र के गांव खरझारा निवासी बीडीसी बदलू ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव की रंजिश को लेकर प्रधान के पति अजय पटेल अपने साथियों के साथ आए दिन उसके साथ अभद्रता करते हैं। 30 जुलाई की शाम लगभग छह बजे वह खेत से धान की बेड लगाकर घर जा रहे थे। तबी प्रधान के पति के समर्थकों ने रोककर अभद्रता व गाली गलौज की। बचाव करने उसका बेटा पहुंचा तो उससे भी मारपीट की।
वहीं, प्रधान के पति अजय पटेल ने भी बीडीसी सदस्य बदलू के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी है। तहरीर में कहा है कि चुनावी रंजिश के चलते बीडीसी बबलू उन्हें बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। पुलिस ने दोनों की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।