हसनगंज। खुद को हसनगंज कोतवाली का दरोगा बताकर प्रधान के बेटे के खाते से 41 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिया। कोतवाली क्षेत्र के फरीद्दीपुर मजरा खपुराभाट निवासी प्रधान के बेटे पंकज ने साइबर सेल में घटना की तहरीर दी है।
साइबर सेल में दी गई तहरीर में पंकज ने कहा है कि शनिवार की रात एक अनजान नंबर से उसके पास फोन आया। फोन करने वाले ने अपने आप को हसनगंज कोतवाली का दरोगा अशोक बताकर कुछ रुपयों की जरूरत होने की बात कहकर अपने बैंक खाते में 41 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।
पंकज के अनुसार जब उसने कोतवाली जाकर दरोगा के बारे में पता किया तो अशोक नाम के किसी दरोगा की कोतवाली में तैनाती न होने की बात पता चली। पीड़ित की तहरीर पर साइबर सेल ने जांच शुरू की है।