मौरावां। गांव जगपालखेड़ा में शुक्रवार रात चोरों ने किसान के घर में नकब लगा लाखों का माल पार कर दिया। चोरों द्वारा फेंके गए बक्से सुबह खेत में पड़े मिले। पीड़ित किसान ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
किसान रामअधीन यादव शुक्रवार रात अधिक गर्मी पड़ने से परिवार के साथ घर के बाहर सो रहे थे। देर रात चोर घर के पीछे की दीवार में नकब लगाकर व घर के पश्चिम हिस्से में लगे दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। कमरे में रखे तीन बक्से चोरों ने पार कर दिए। घर से 500 मीटर की दूरी पर तालाब के किनारे बक्से में रखा माल बटोर कर खाली बक्से फेंककर भाग निकले। सुबह तालाब के किनारे बक्से पड़े मिलने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच कर शीघ्र खुलासे का भरोसा दिया है। पीड़ित ने घर के निर्माण के लिए बक्से में रखी नगदी व जेवर समेत 2.20 लाख का माल चोरी होने की तहरीर पुलिस को दी है।