मृत हेडकांस्टेबल राजीव चंदेल का फाइल फोटो ।
- फोटो : UNNAO
सफीपुर। लापता महिला व उसके आठ वर्षीय पुत्र की तलाश में गुजरात के लिए निकली पुलिस टीम की कार मध्यप्रदेश में कंटेनर से टकरा गई। हादसे में सफीपुर कोतवाली की परियर चौकी के हेडकांस्टेबल (दीवान) की मौत और अपराध निरीक्षक व महिला सिपाही घायल हो गई।
नरहरपुर गांव निवासी तेजनारायन ने दो मार्च 2021 पुलिस को पत्नी पूनम (30) और बेटे करन (8) की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस को दो दिन पहले महिला की लोकेशन गुजरात में मिली थी। इस पर कोतवाली के अपराध निरीक्षक राजा भइया, परियर चौकी के दीवान राजीव चंदेल, महिला सिपाही सोनिया और पीड़ित परिवार के दो लोगों के साथ शुक्रवार शाम कार से गुजरात के लिए निकले थे। मध्यप्रदेश में इंदौर हाईवे पर शाजापुर जिले में रात लगभग दो बजे कार कंटेनर से टकरा गई। हादसे में कार सवार दीवान राजीव चंदेल की मौत हो गई और अपराध निरीक्षक व महिला सिपाही घायल हो गए। महिला के दोनों परिजन बाल-बाल बचे। घायलाें को शाजापुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार दीवान राजीव चंदेल कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के एराजोर गांव के रहने वाले थे। वह 2006 बैच में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे।
शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त दीवान के पिता नरेंद्र की वर्ष 2001 व मां कल्याणी की दो माह पूर्व मौत हो चुकी है। दीवान की मौत की सूचना पर पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। चार वर्षीय बच्चे की परवरिश की चिंता में वह बेहाल है। एसपी आनंद कुलकर्णी के आदेश पर सफीपुर कोतवाली की पुलिस टीम दीवान के शव व घायलों को लाने के लिए रवाना हो गई है।