पुरवा। एसडीएम, सीओ व आबकारी टीम ने शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मौरावां के बसहा तिराहा स्थित देशी शराब की दुकान में सेल्समैन की जगह दूसरे युवक की मौजूदगी पर पांच हजार रुपया का जुर्माना लगाया गया।
एसडीएम राजेश चौरसिया, सीओ रघुवीर सिंह व आबकारी निरीक्षक आरपी सिंह ने संयु्क्त टीम के साथ तहसील क्षेत्र के तुसरौर भवानीगंज, संडौली, हिलौली, कालूखेड़ा समेत अन्य जगहों पर अंग्रेजी, देशी व बीयर की दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। बसहा तिराहा पर स्थित देशी शराब की दुकान में सेल्समैन की जगह संजय सिंह नाम का युवक शराब की बिक्री करते हुए मिला। वह अपनी आईडी भी नहीं दिखा पाया। उसे अनाधिकृत रूप से शराब बेचने का दोषी मानते हुए पांच हजार का जुर्माना लगाया गया। एसडीएम राजेश चौरसिया ने बताया डीएम को रिपोर्ट भेजी जा रही है।