पुरवा। ठाकुरखेड़ा गांव में खेत की जुताई करते समय अधेड़ का रोटावेटर में पैर फंस गया। गंभीर रूप से घायल अधेड़ को परिजन जिला अस्पताल से हैलट अस्पताल कानपुर ले जा रहे थे। तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मनोज कुमार (45) खुद ट्रैक्टर से खेत जुताई कर परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार को गांव के ही एक ग्रामीण का खेत जोतने गया था। इस दौरान अचानक उसका पैर फिसला और रोटावेटर में फंसकर घायल हो गया। पास के खेतों पर काम कर रहे लोगों ने देखा और परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को जिला अस्पताल ले गए। वहां से हैलट ले जाते समय रास्ते में मनोज की मौत हो गई। मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। पत्नी सुमन, मां, भाई प्रमोद के अलावा दो पुत्र व एक पुत्री का रोकर बुरा हाल रहा।