सफीपुर। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर ट्रक व डीसीएम की टक्कर हो गई। इसमें डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हादसा सोमवार सुबह उन्नाव-हरदोई मार्ग पर कस्बा स्थित दूध डेयरी के पास हुआ। बांगरमऊ की ओर से आ रही डीसीएम विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में डीसीएम चालक लगलेसरा गांव निवासी हर्ष कुमार (30) पुत्र अमृतलाल गौड़ की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक भाग निकला। मृतक के भाई ऋषिकेश गौड़ ने ट्रक चालक पर लापरवाही से वाहन चलाकर डीसीएम को टक्कर मारने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि उसका भाई हर्ष कुमार हरदोई के माधौगंज से डीसीएम में आम लादकर सफीपुर आ रहा था।