गंजमुरादाबाद/औरास। चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। एक घर से नगदी और जेवर समेत पांच लाख का माल पार कर दिया। दूसरे दोनों घरों से हजारों का सामान पार कर दिया।
ग्राम महोलिया निवासी अनूप कुमार रविवार रात खाना खाकर परिवार समेत छत पर सोने चला गया। देर रात घर में दाखिल हुए चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर 25 हजार की नगदी व जेवर समेत लगभग पांच लाख का सामान पार कर दिया। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। उधर, औरास के शिवाला गांव निवासी कल्लू पाल के घर पीछे की दीवार से दाखिल हुए चोरों ने चार हजार की नगदी व जेवर समेत 60 हजार का सामान पार कर दिया। इसके बाद चोरों ने जसवंत यादव के घर से पांच हजार रुपये नगद व 40 हजार के जेवर पार कर दिए। चोरों ने गांव के महावीर के घर नकब लगा अंदर घुसने का प्रयास किया। टेलीविजन के चलने की आवाज सुनकर लौट गए। परिषदीय विद्यालय में कार्यरत शिक्षक रामसेवक यादव के घर कुछ न मिलने पर बर्तन बिखराकर चले गए। पुलिस ने जांच कर शीघ्र खुलासे का भरोसा दिया है।