गंजमुरादाबाद। दो युवकों ने किराये को लेकर हुए विवाद में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर ग्राम जोगीकोट के पास चालक पर चाकू से कई बार कर दिए। उसके शोर मचाने पर पुलिस को आता देख हमलावर भाग निकले। कार चालक को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
श्रावस्ती के थाना गिलौला के ग्राम मनसुखा निवासी पवन पांडेय (38) पुत्र रंगीले अपने घर से कार लेकर भिंड मध्य प्रदेश जा रहा था। मंगलवार रात दो बजे आलमबाग लखनऊ से दो युवकों ने उससे लिफ्ट मांगी। उसने दोनाें को बैठा लिया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर ग्राम जोगीकोट के पास कार पहुंची तो किराये को लेकर चालक और बैठे लोगों में विवाद शुरू हो गया। दोनों युवकों ने चालक पवन पांडेय की गर्दन व हाथों पर चाकुओं से कई वार कर दिए। चालक के शोर मचाने पर कुछ ही दूरी पर मौजूद पीआरवी मौके पर पहुंची, तब तक हमलावर भाग निकले। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।