मौरावां। मौरावां-गुरुबख्सगंज मार्ग पर मंगलवार को अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हेलमेट न लगा होने से सिर में गंभीर चोट से बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई। पीछे बैठा उसका दोस्त घायल हो गया। बेटे की मौत की सूचना पर परिजन बदहवास हैं।
विशंभरखेड़ा मजरे खानपुर निवासी सूरज (20) पुत्र विश्राम पासवान अपने साथी गालिबपुर गांव निवासी अंकित (19) पुत्र रामप्रसाद के साथ बाइक से पुरवा कस्बा गया था। दोपहर बाद घर लौटते समय मौरावां-गुरुबख्सगंज मार्ग पर ठकुराइनखेड़ा गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। तेज टक्कर लगने से सूरज बाइक से नीचे जा गिरा। हेलमेट न लगा होने से सिर में गंभीर चोट से उसकी मौत हो गई। पीछे बैठा दोस्त अंकित घायल हो गया। पुलिस ने अंकित को मौरावां सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पिता ने अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं सूरज की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।