पुरवा (उन्नाव)। कोतवाली क्षेत्र के गांव पासाखेड़ा में हुई लाखों की चोरी के खुलासे के लिए सीओ ने सर्विलांस समेत पुलिस की तीन टीमें गठित की हैं। सीओ का कहना है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर लिया जाएगा।
पासाखेड़ा निवासी मोहित चौधरी की पत्नी आरती तबीयत खराब होने पर 20 मई को मायके मिर्रीकला इलाज कराने गईं थीं। 22 मई को मोहित भी पत्नी को देखने ससुराल गया था। रात में ससुराल में ही रुक गया था।
23 मई की सुबह जब घर पहुंचे तो मेन गेट में अंदर से कुंडी लगी थी। बगल वाले गेट से अंदर जाकर देखा तो तीन कमरे व किचन की कुंडी खुली थी। साथ ही तीन बड़े व छोटे बक्सों और आलमारी का कुंडी टूटी थी। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। मोहित ने पुलिस को दी गई तहरीर में 100 ग्राम सोने व 125 ग्राम चांदी के जेवर और 19 हजार रुपये नगद चोरी होने की जानकारी दी।
घटना के बाद सीओ रघुबीर सिंह व कोतवाल अजय त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। साथ ही खोजी कुत्ता भी बुलाया था। कोई ठोस सुराग न मिलने पर सीओ ने चोरी के खुलासे के लिए सर्विलांस समेत पुलिस की तीन टीमें गठित की हैं। सोमवार को सर्विलांस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सीओ रघुबीर सिंह ने बताया कि चोरी का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।