उन्नाव। बांगरमऊ में पिपरमिंट व्यापारी की हत्या में पुलिस की जांच की दिशा को बदलने के लिए महिला से एक गुमनाम पत्र वायरल कराकर कुछ लोगों को फंसाने की साजिश रची गई थी। पुलिस ने साजिश रचाने वाले युवक को हिरासत में लिया है। गुमनाम पत्र में आरोपी बताए गए लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस ने जल्द घटना के खुलासे का दावा किया है। एसपी ने भी आरोपियों से पूछताछ की है।
हटिया निवासी पिपरमिंट व्यापारी सतीश गुप्ता 14 मई की देर शाम माढ़ापुर मार्ग पर पशुबाड़े में गाय का दूध निकालने पहुंचा था। वहां सिर में पीछे से सटाकर उसे गोली मार दी गई थी। मौके पर उसकी मौत हो गई थी। घटना के खुलासे में लगी स्वॉट व बांगरमऊ पुलिस आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी थी। इसी बीच दो दिन पहले मृतक के पशुबाड़े के पास रहने वाले महिला द्वारा एक गुमनाम पत्र वायरल किया गया था। इसमें कुछ लोगों का नाम लिखकर उन्हें हत्यारोपी बताया गया था। पुलिस ने इसी गुमनाम पत्र के जरिए महिला से पूछताछ की तो उसने बताया कि कस्बे के एक युवक ने उसे पत्र देकर पुलिस अधिकारियों व मीडिया तक पहुंचाने की बात कही थी। पुलिस ने महिला से पूछताछ के आधार पर उस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पत्र में बताए गए आरोपियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। बुधवार को एसपी आनंद कुलकर्णी भी बांगरमऊ पहुंचे और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की। एसपी ने बताया कि कई अहम सुराग मिले हैं। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।