बांगरमऊ। पीछे की दीवार के सहारे घर में दाखिल हुए चोरों ने नगदी व जेवर समेत दो लाख का माल पार कर दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर गृहस्वामी बदहवास हो गई। पुलिस जांच कर रही है।
नगर स्थित सुभाष इंटर कॉलेज के पीछे मोहल्ला गढ़ी निवासी दीप कुमारी शुक्रवार देर रात खाना खाकर परिवार के साथ बरामदे में सो गई। सुबह उसकी आंख खुली और बाहर की ओर गई तो देखा कि बाहरी दरवाजा खुला पड़ा था। शंका होने पर उसने अंदर आकर देखा तो दोनों कमरों के ताले टूटे पड़े थे। बक्से और अलमारी खुली होने के साथ ही सारा सामान जमीन पर बिखरा पड़ा था। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर 90 हजार की नगदी, जेवर, तीन मोबाइल समेत दो लाख का सामान चोरी होने की बात कही है। उसने बताया कि चोर छोटा बक्सा भी पार कर ले गए। बक्से में बैंक समेत अन्य सभी दस्तावेज थे। पुलिस ने घटना स्थल की जांच के बाद जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।