अचलगंज। कोरारीकला में 20 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे कानपुर के एक निजी अस्पताल लेकर गए। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गांव में जहर खाने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
दशरथ कुमार के 20 वर्षीय बेटे क्षितिज की शुक्रवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गयी। उल्टियां हुईं और वह बेहोश हो गया। परिजन आनन-फानन अचलगंज के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। हैलट के बजाय परिजन उसे कानपुर के एक नर्सिंगहोम लेकर गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शनिवार को क्षितिज के पिता दशरथ ने पुलिस को तहरीर देकर पुत्र का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। बताया कि शाम 7 बजे क्षितिज के पास किसी का फोन आया था। इस पर वह घर से चला गया। एक घंटे बाद घर लौटा। खाना खाते समय उसे उल्टियां शुरू हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है। इकलौते बेटे की मौत से परिजन बेहाल हैं।