बांगरमऊ। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर कोल्ड स्टोर के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक सवार प्राचार्य को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने से उनका हेलमेट टूट जाने से सिर में गंभीर चोट आई। सीएचसी में उन्हे मृत घोषित कर दिया गया।
ग्राम कपूरपुर निवासी आशीष कटियार (25) गंजमुरादाबाद स्थित अब्दुल गफ्फार महाविद्यालय में प्राचार्य थे। मंगलवार दोपहर वह बाइक से कस्बा पहुंचे और दवाएं खरीदकर घर के लिए निकले। हरदोई-उन्नाव मार्ग पर कोल्ड स्टोर के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे आशीष बाइक से उछलकर जा गिरे। हेलमेट टूट जाने से सिर में गंभीर चोट आ गई। सीएचसी में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे आशीष की मौत की खबर सुन परिजन बदहवास हो गए। बहन राधा देवी गश खाकर गिर गई। पिता सिर पकड़कर दहाड़े मारकर रो पड़े। मृतक आशीष चार बहनों राधा देवी, मीना, प्रियंका, अंजली के बीच इकलौते थे। बहन प्रियंका की 12 मई को शादी थी। शादी से पहले आशीष की मौत से खुशियां मातम में बदल गईं।