सोनिक। गुड्स ट्रेन में जिप्सम की अनलोडिंग के समय जेसीबी का धक्का लगने से वैगन का ऊपरी हिस्सा पलट गया। लखनऊ से क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त वैगन को हटाया गया।
गुजरात से जिप्सम लादकर 58 बोगियों वाली मालगाड़ी शनिवार को सोनिक स्टेशन पहुंची थी। जिप्सम रायबरेली स्थित एक प्रमुख सीमेंट कंपनी के गोदाम पहुंचाई जानी थी। इसलिए गुड्स ट्रेन को अनलोड करते हुए जिप्सम ट्रकों में लादी जा रही थी। इसके लिए जेसीबी मालगाड़ी के एक-एक वैगन को खाली करते हुए माल ट्रक में भर रही थी। सोमवार सुबह 10 बजे एक वैगन को आधे से अधिक खाली किया जा चुका था। अचानक ऊपर से खुले रहने वाले वैगन का ऊपरी हिस्सा पलट गया। पहिए सहित नीचे का फ्रेम रेलवे ट्रैक पर बना रहा। गनीमत रही की हादसे के समय वैगन के आसपास कोई मजदूर नहीं था। इससे पलटते समय कोई चपेट में नहीं आया। उन्नाव जंक्शन रेलवे स्टेशन के अधीक्षक एच मेहंदी ने बताया कि जेसीबी का धक्का लगने से एक ओर अनलोड हो चुका वैगन पलट गया। किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। क्रेन ने पलटे हिस्से को उठाकर दोबार फ्रेम पर रखा। अब कैरिज एंड वैगन वर्कशॉप का स्टाफ मरम्मत का बाकी काम करेगा।
-