फतेहपुर चौरासी। शिवपुरी गांव में महिला का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका के चचेरे भाई ने पति, देवर व जेठानी पर दहेज की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शिवपुरी गांव निवासी विनोद पाल की शादी जून 2014 में बांगरमऊ के हीरामनपुरवा गांव निवासी राम कैलाश की 27 वर्षीय बेटी बबली से हुई थी। शनिवार को बबली का शव घर में फंदे से लटका मिला। मृतका के चचेरे भाई रजनीश पाल ने बताया कि शादी के बाद बबली के पति विनोद पाल, देवर नीरज व जेठानी राजेश्वरी दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। शनिवार सुबह सात बजे उसे बबली की मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर बबली का शव घर में पड़ा था। उसने मृतका के पति, देवर व जेठानी के खिलाफ दहेज की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर हत्या करने और आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को लटकाने का आरोप लगा पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। सीओ बीनू सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।