सफीपुर/बांगरमऊ। बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर लौट रही ट्रैक्टर-ट्राली दूसरे ट्रैक्टर से टकराकर खंती में पलट गई। हादसे में बच्चे की मां और चचेरे भाई की मौत हो गई। वहीं बच्चे की दादी समेत नौ लोग घायल हो गए। सफीपुर सीएचसी में समय पर इलाज न मिलने से नाराज परिजनों ने हंगामा किया। एसडीएम के समझाने पर गुस्साए परिजन सीएचसी से घायलाें को बाइकों से लेकर नर्सिंगहोम चले गए। वहीं बांगरमऊ में ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्राली पलटकर खंती में गिरने से ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। एक मजदूर घायल हो गया।
तरेवा जंहगीराबाद निवासी सुरेंद्र के तीन वर्षीय बेटे रितिक का बुधवार को मुंडन संस्कार था। गांव की ट्रैक्टर-ट्राली से परिवार व गांव के 30 लोग ट्राली पर बैठकर मुंडन कराने के लिए फतेहपुर चौरासी के पंडाखेड़ा गांव स्थित मंशादेवी पहुंचे। शाम पांच बजे मुंडन संस्कार होने के बाद सभी ट्रैक्टर-ट्र्राली से गांव के लिए लौटे। तकिया-बांगरमऊ मार्ग पर तकिया चौराहा के पास सामने से आ रहे दूसरे ट्रैक्टर से ट्राली टकरा गई। इससे ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित हो पलटकर खंती में चली गई। हादसे में ट्राली में सवार सुरेंद्र की 28 वर्षीय पत्नी रोशनी देवी व चचेरे भाई बलराम के नौ वर्षीय बेटे लोकेश की मौत हो गई। परिवार की प्रेमा, रेखा, आरती, रिंकी, प्रेमवती, अर्चना, ज्ञानदेवी, प्रिया व सुरेंद्र की मां विद्यादेवी घायल हो गई। पुलिस ने घायलाें को सीएचसी सफीपुर में भर्ती कराया। वहीं, हरदोई के पिहानी से ट्रैक्टर में पुआल लादकर बांगरमऊ स्थित एक ईंट-भट्ठा जा रहे ट्रैक्टर-ट्राली में मुस्तफाबाद के निकट ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रैक्टर अनियंत्रित हो खंती में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर चालक हरदोई के थाना पिहानी के ग्राम भुजई पुरवा निवासी अवधेश (38) पुत्र श्रीकृष्ण की मौत हो गई। ट्राली सवार लालतापुरवा निवासी विवेक (22) गंभीर रूप से घायल हो गया।