उन्नाव। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए जिले में लागू नौ घंटे के रात्रि कर्फ्यू पर अमल कराने के लिए पुलिस और अधिकारी सड़क पर उतरे। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी ने फोर्स के साथ शहर का भ्रमण किया और हिदायत देकर दुकानें बंद कराईं। वाहन सवारों को घर जाने को कहा।
कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण जिले में रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक रात्रि कर्फ्यू लगाया गया है। सोमवार को कर्फ्यू का समय शुरू होने से पहले ही प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी सड़क पर आए और दुकानदारों को समय से दुकानें बंद करने की चेतावनी दी। आम लोगों से रात्रि कर्फ्यू के दौरान घर में ही रहने की अपील की। शहर में सिटी मजिस्ट्रेट चंदन कुमार पटेल, सीओ सिटी कृपाशंकर, सदर कोतवाल ने भ्रमण किया।
कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण पर दुकानदारों द्वारा खाद्य पदार्थों की जमाखोरी और तय राशि से ज्यादा वसूलने की आशंका पर डीएम रवींद्र कुमार ने तीन सदस्यीय टीम गठित की है। उधर, ग्राहक बनकर दुकानों पर पहुंचने वाली पुलिस सबूत जुटाकर कार्रवाई करेगी।