पाटन। पितुआखेड़ा गांव में पुरानी खुन्नस को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। निवर्तमान प्रधान सहित पांच लोग घायल हो गए। सभी को पीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार कई राउंड फायरिंग भी हुई है।
जतारा के मजरा पितुआखेड़ा निवासी नीरज यादव के यहां गुरुवार सुबह पारिवारिक विवाद हुआ था। पुलिस ने मामला शांत करा दिया था। शाम सात बजे निवर्तमान ग्राम प्रधान मोनू सिंह अपने साथ के कुछ लोगों के साथ नीरज यादव के यहां पहुंचे। एक साल पहले जुआ को लेकर हुए विवाद की खुन्नस में नीरज व उनके साथियों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से निवर्तमान प्रधान मोनू सिंह व उनके साथियों पर हमला कर दिया। हमले में निवर्तमान प्रधान, उनके कार चालक सहित पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायल मोनू सिंह, विकास सिंह, विष्णु वर्मा, अवनीश सिंह, विनय सिंह, अजय सिंह को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।