बांगरमऊ। बांगरमऊ-बिल्हौर मार्ग पर बुधवार रात ग्राम भुड्डा के सामने 40 वर्षीय युवक सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। गश्त कर रही पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पहचान न होने से पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पहचान की कोशिश शुरू की है।
बुधवार रात लगभग 2:30 बजे बांगरमऊ कोतवाली पुलिस बिल्हौर मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान भुड्डा गांव के सामने सड़क के किनारे 40 वर्षीय युवक लहूलुहान हालत में पड़ा दिखाई दिया। सिर में गंभीर चोट के अलावा पास ही उसका बैग पड़ा था। बैग की तलाशी लेने पर पुलिस को ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस गंभीर हालत में युवक को सीएचसी बांगरमऊ ले गई। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ एके राय ने बताया कि शव की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।