उन्नाव। रोहिंग्यों को विदेश भेजने के शक पर जांच शुरू हुई है। एटीएस ने रोहिंग्या शाहिद को गिरफ्तार कर आठ पासपोर्ट, कई आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज बरामद किए थे। एटीएस जांच कर रही है कि शाहिद ने फर्जी प्रपत्रों के जरिये बनवाए गए पासपोर्ट से अन्य रोहिंग्यों को विदेश तो नहीं भेजा है।
रोहिंग्या शाहिद को रिमांड पर लेकर एटीएस उससे बारीकी से पूछताछ कर रही है। अब तक उसने कितने रोहिंग्यों को म्यांमार से लाकर यहां रखा या फर्जी प्रपत्रों के जरिये पासपोर्ट बनाकर विदेश भेजा, इसको लेकर भी बिंदुवार जानकारी ले रही है। दो दिन पहले स्लाटर हाउस प्रबंधन की ओर से मजदूरों के आधार व अन्य दस्तावेजों से संबंधित भेजी गई मेल को भी बारीकी से चेक किया जा रहा है। सभी के आधार कार्ड में अंकित नाम व पते को एटीएस अपने पास मौजूद सूची से मिलान कर रही है। शाहिद से पूछताछ में एटीएस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। शाहिद की पत्नी ने अलीगढ़ जाने की बात मकान मालिक से कही। मकान मालिक ने पूछताछ चलने तक उसे यहीं रुकने की बात समझाई। इस पर वह किराये के घर पर ही रुक गई है।