हसनगंज। परियर से गंगाजल लेकर बाराबंकी लोधेश्वर पैदल पचास साथियों के साथ जा रहे युवक की हालत बिगड़ने से लखपेड़ा चौराहे पर बेहोश हो गया। साथी उसे लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन पोस्टमार्टम न कराने की बात लिखित में देकर शव लेकर चले गए।
आसीवन थानाक्षेत्र के गांव औराई रसूलाबाद निवासी शियानंद (45) पुत्र साहबलाल साथियों के साथ मंगलवार देर रात परियर से गंगाजल लेकर बाराबंकी स्थित लोधेश्वर मंदिर जाने के लिए निकला था। लखनऊ-हसनगंज मार्ग पर लखपेड़ा चौराहे के निकट जैसे की जत्था पहुंचा शियानंद की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। साथी उसे लेकर स्वास्थ्य केंद्र आए। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने लिखित में लेने के बाद शव उन्हें सौंप दिया। छोटे भाई शिवबरन ने बताया कि मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। खेती कर परिवार का पालन करता था। मां कांती, पत्नी पिंकी के साथ दो बच्चेे में विकास व मुस्कान हैं। सीओ राजकुमार शुक्ला ने बताया कि युवक की हालत बिगड़ने से मौत हुई है।