अचलगंज/पाटन। फसल को नुकसान पहुंचा रहे सांड़ को डंडा फेंककर मारना किसान को महंगा पड़ा गया। सांड़ के दौड़ाने पर बचने के लिए भागा किसान नाली में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। सपा जिलाध्यक्ष ने मृतक के घर पहुंच दु:खी परिजनों को ढांढस बंधाकर छुट्टा मवेशियों को गोशाला भेजने की मांग उठाई। उन्होंने बिहार थाना क्षेत्र में दो अन्य मृतकों के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।
रौतापुर गांव निवासी 40 वर्षीय अखिलेश का खेत के पास ही मकान है। रविवार देर शाम वह घर से बाहर निकला तो खेत में सांड़ को घुसा देखा। उसे भगाने के लिए डंडा फेंककर मारा। भड़के सांड़ ने उसे दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए वह भागा और नाली में औंधे मुंह गिर गया। बेसुध हालत में परिजन जिला अस्पताल ले गए। वहां मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर सपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने परिजनों को ढांढ़स बंधाया।