बांगरमऊ। एक बैंक के सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) संचालक के लखनऊ मार्ग चौराहे के निकट रुकने पर अज्ञात लुटेरों ने पीछे से उसके चेहरे पर स्प्रे डाल दिया। बेहोश होने पर उसका अपहरण करके संडीला मार्ग पर हाथ-पैर बांधकर एक गड्ढे में डाल दिया। पीड़ित के अनुसार देर रात होश आने पर उसने किसी तरह अपने हाथ-पैर खोले। उसके 55 हजार रुपये, मोबाइल, बैंक एटीएम व बाइक गायब थी। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
थाना फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के हफीजाबाद निवासी रमेश कुमार संडीला मार्ग पर तहसील के निकट सत्येंद्र यादव की मार्केट में एक सरकारी बैंक का सीएसपी सेंटर चलाता है। शुक्रवार रात दुकान बंद कर अपनी बाइक से घर जा रहा था। लखनऊ मार्ग चौराहे के आगे बढ़ते ही मार्ग पर जाम लगा देखा तो पहले ही बाइक रोक दी। तभी अज्ञात लुटेरों ने मुंह पर नशीला स्प्रे कर दिया। इससे वह बेहोश हो गया। रात 11 बजे उसे होश आया तो खुद को संडीला रोड मार्ग पर गोसाकुतुब के निकट गहरी खंती में हाथ-पैर बंधे देखा। रमेश ने अपने हाथ-पैर खोले और गड्ढे से बाहर आया। जेब में हाथ डाला तो उसमें रखे 55 हजार रुपये गायब मिले। लुटेरे मोबाइल, एटीएम कार्ड, दुकान की चाभी तथा उसकी बाइक भी ले गए।
कोतवाली अपराध निरीक्षक राजू राव ने घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के दुकानदारों से जानकारी ली। पुलिस ने गोसाकुतुब के निकट से पीड़ित का बैग, मोबाइल और बाइक पास के एक खेत से बरामद कर ली। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। सीओ एके राय बताया कि घटना की जांच की जा रही है।