आसीवन। दोस्त के घर शादी समारोह में बाइक से लखनऊ जाने के लिए निकले युवक का शव गुरुवार सुबह मियागंज-सफीपुर मार्ग पर एक तालाब में मिला। आधारकार्ड से पुलिस ने पहचान कर परिजनों को सूचना दी। बेटे का शव देख पिता बेहाल हो गया। पुलिस ने कोहरे में बाइक अनयंत्रित होकर तालाब में गिरकर डूबने से युवक की मौत की बात कही है।
सफीपुर के राहतगंज बाजार निवासी निशांत उर्फ तनू तिवारी (30) पुत्र राजकुमार बुधवार दोपहर अपने दोस्त के घर वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने की बात कहकर बाइक से निकला था। देर रात उसके वापस न लौटने पर सुबह परिजनों ने खोजबीन शुरू की। गुरुवार सुबह मियागंज से एक किमी दूर सफीपुर मार्ग पर धोबिन तालाब में उसका शव ग्रामीणों ने औंधे मुंह पड़ा देखा। एसओ राजेश सिंह ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। बाइक सड़क से तालाब की ओर लटकी पड़ी मिली।
मृतक की जेब में मिले आधार कार्ड से पहचान कर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचा पिता शव देख बदहवास हो गया। निशांत तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह कुवैत में रहकर शॉप कीपर की नौकरी करता था। अप्रैल माह में वह घर आया था। निशांत की मौत से मां गीता, भाई अरुण व वरुण का रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से निशांत की मौत की पुष्टि हुई है।