उन्नाव। कानपुर के दो युवकों की हत्या में महिला को गिरफ्तार किया गया है। दो माह पहले होटल संचालक समेत अन्य के मारपीट करने पर दोनों युवकों की जान चली गई थी। तीसरा युवक घायल हो गया था। पुलिस होटल संचालक समेत चार लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। विवेचना के दौरान मारपीट व मृतक का मोबाइल लूटने में महिला का नाम सामने आने पर पुलिस ने बुधवार को उसे भी गिरफ्तार किया है।
कानपुर के भवानीनगर सीडीओ निवासी उत्कर्ष साहू, उसके साथी सुमित व शुभम के साथ अचलगंज थाना क्षेत्र के आजाद मार्ग पर 15 सिंतबर को होटल संचालक ने रुपयों के लेनदेन में साथियों के साथ मिलकर मारपीट की थी। आरोपियों ने पीड़ितों की जेब से दस हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया था। इलाज के दौरान कानपुर में 16 सितंबर को चकेरी कानपुर निवासी सुमित सिंह व 22 सितंबर को उत्कर्ष साहू की मौत हो गई थी।
पुलिस ने हत्या की धाराआें में रिपोर्ट दर्ज कर होटल मालिक रोहित मिश्र, संतोष कुमार, दीपू अवस्थी व राजकुमार लोधी को 19 सितंबर को गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने सभी को जेल भेजा था। विवेचना के दौरान आजाद मार्ग चौराहा निवासी मुन्ना अवस्थी की पत्नी राजदुलारी को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद कर न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।