गंजमुरादाबाद। थाना बेहटामुजावर के ग्राम चहोलिया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन बीमारी से मौत होने की बात कह रहे हैं। जबकि मृतका की भाभी ने पति सहित चार लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।
थाना बेहटामुजावर के ग्राम चहोलिया निवासी सुहैब उर्फ बेबी पुत्र आशीष उर्फ बुद्धू की शादी लखनऊ के थाना ठाकुरगंज के मोहल्ला अलपासबाग निवासी शहजानली की बहन निशा के साथ हुई थी। उसके कोई संतान नहीं थी। आरोप है कि शादी के बाद से और दहेज लाने के लिए निशा के साथ ससुरालीजन मारपीट करते थे। रविवार दोपहर उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलने पर थाना बेहटामुजावर प्रभारी अजयराज वर्मा गांव पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
उधर, मृतका की भाभी कैकशा बानो ने थाने में सास फूलजहां, ननद गुड़िया, पति सुहैब और ससुर बुद्धू के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष अजयराज वर्मा ने बताया कि मृतका के पति के अनुसार निशा के पित्त की थैली में पथरी थी। जिसका कुछ दिन पूर्व आपरेशन हुआ था। इसी से उसकी मौत हो गई है। भाभी ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।