बीघापुर। थानाक्षेत्र के घाटमपुर कला गांव में 20 वर्षीय युवती का शव घर में कुंडे से लटका मिला। खेत से लौटा पिता बेटी का शव लटका देखकर बिलख उठा। उसने बेटी द्वारा आत्महत्या की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
घाटमपुर कला गांव निवासी संतराम खेती कर परिवार का गुजारा करता है। रविवार दोपहर वह पत्नी के साथ खेत में लहसुन गाड़ने चला गया। शाम को घर लौटने पर 20 वर्षीय बेटी नेहा का शव घर के कमरे में कुंडे से लटका मिला। पिता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ जावेद अख्तर ने बताया कि परिजनों ने आत्महत्या करने की तहरीर दी है हालांकि वह कारण स्पष्ट नहीं कर सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।