दही चौकी स्थित फैक्टरी के श्रमिक की मौत पर मुआवजा के लिए हंगामा करते परिजन व ग्रामीण ।
- फोटो : UNNAO
सोनिक। औद्योगिक क्षेत्र दही चौकी साइड टू स्थित चर्म इकाई में काम करने वाले डेढ़ माह से बीमार श्रमिक की सोमवार को मौत हो गई। परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर फैक्टरी गेट पर शव रखकर हंगामा किया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद फैक्टरी प्रबंधन ने 50 हजार रुपये, बेटे को नौकरी व पत्नी को पेंशन के साथ नौकरी देने की बात कही। इसके बाद परिजन शांत हुए।
अचलगंज थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत ओरहर के मजरा खंभारखेड़ा निवासी छंगालाल (56) सदर कोतवाली के दही चौकी साइड टू स्थित सुपर हाउस की अमीन संस फैक्टरी में स्थायी कर्मचारी था। एक माह पहले फैक्टरी में काम करते समय उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उसका शहर के एक नर्सिंगहोम में इलाज करा रहे थे। सोमवार सुबह लगभग तीन बजे श्रमिक की मौत हो गई। फैक्टरी की ओर से आर्थिक मदद संबंधी कोई आश्वासन न मिलने पर परिजनों ने सोमवार सुबह फैक्टरी गेट पर शव रखकर हंगामा किया।
दही चौकी प्रभारी ने फैक्टरी प्रबंधन से वार्ता करने की बात कह सभी को शांत कराया और कुछ परिजनों को साथ ले जाकर प्रबंधन से वार्ता कराई। प्रबंधन की ओर से पीड़ित परिवार को 10 हजार रुपये अंतिम संस्कार के लिए व 40 हजार रुपये नर्सिंगहोम में लगे इलाज का दिया गया। इसके अलावा पत्नी विमला को नौकरी और बड़े बेटे विनोद को नौकरी के साथ स्थायी कर्मी को मिलने वाली सभी सुविधाएं देने का भरोसा दिलाया गया। जिस पर परिजन शांत होकर शव अंतिम संस्कार के लिए लेकर चले गए।