बिहार थानाक्षेत्र में लापता बच्चे पड़ोसियों से जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : UNNAO
पाटन। बिहार थानाक्षेत्र में जलाकर मारी गई दुष्कर्म पीड़िता के लापता भतीजे की तलाश में लगी पुलिस की 14 टीमों में सर्विलांस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। मोबाइल की कॉल डिटेल व लोकेशन के आधार पर पुलिस बच्चे तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अन्य टीमों ने बुधवार को गांव के एक-एक घर में जाकर परिवार के सदस्यों के नाम व मोबाइल नंबर जुटाए हैं।
पांच दिन पहले लापता हुए छह वर्षीय बच्चे की खोजबीन पुलिस के लिए चुनौती बनी है। जानकारी मिली है कि बच्चा लापता होने के ठीक एक घंटा पहले दो मोबाइल नंबराें पर 50 सेकेंड बातचीत हुई। दोनों नंबरों की जांच में यह खुलासा हुआ। एक नंबर किसी युवती व दूसरा उसके बेहद नजदीकी युवक का है। पुलिस की टीमें मोबाइल की लोकेशन के आधार पर उस युवक तक पहुंचने की कोशिश में जुट गई है। हालांकि पुलिस के अधिकारी अभी कुछ कहने से बच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बच्चे के मिलने के बाद सभी रहस्यों से पर्दा उठाया जाएगा। बुधवार को पुलिस की अन्य टीमों ने लापता बच्चे के गांव में घर-घर जाकर लोगों के नाम व मोबाइल नंबर इकट्ठा किए हैं।
साजिश की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार बच्चे के लापता होने के पीछे एक साजिश की आशंका है। परिजन लगातार पुलिस पर बच्चे की खोज का दबाव बना नामजद लोगों को जेल भेजने का दबाव बना रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिन लोगों को नामजद किया गया है वह भी किसी की साजिश का हिस्सा बने हैं।
-