पाटन। पाइप लादने को कह कर घर से ट्रैक्टर ट्राली लेकर अपने एक साथी के साथ निकला युवक बेहोशी हालत में बिहार थाना क्षेत्र के छाछीराईखेड़ा के एक बाग में मिला। दोस्त भी पास में ही बेहोशी हालत में मिला। स्थानीय लोगों ने उसे पीएचसी सुमेरपुर पहुंचाया, जहां से परिजन रायबरेली के लालगंज स्थित एक नर्सिंगहोम लेकर चले गए। ट्रैक्टर ट्राली का पता न चलने से चालक के भाई ने बिहार थाने में लूट की तहरीर दी।
रायबरेली के थाना गुरबख्शगंज के गांव विक्रमपुर निवासी पिंटू कुमार यादव (21) पुत्र राजाराम सोमवार को अपने साथी रायबरेली के गुरुबख्शगंज थानाक्षेत्र के पुरे सुजान सिंह के मजरा बरदर गांव निवासी सर्वेश कुमार पुत्र राजन के साथ ट्रैक्टर ट्राली से बिहार थाना क्षेत्र के कस्बा पाटन में पाइप लादने की बात कहकर घर से निकला था। दोनों युवक देर शाम थाना बिहार के ग्राम छाछीराई खेड़ा निवासी बच्चा सिंह के बाग में बेहोशी हालत में पड़े मिले। वहीं पास में देसी शराब की खाली बोतल भी मिली। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को पीएचसी सुमेरपुर में भर्ती कराया।
जानकारी होने पर पहुंचे परिजन दोनों युवकों को उपचार के लिए जनपद रायबरेली के लालगंज स्थित एक नर्सिंगहोम लेकर चले गए। ट्रैक्टर-ट्राली का कहीं पता नहीं चल सका है। पिंटू यादव के बड़े भाई विनोद यादव ने बिहार थाने में तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। उसने नशीला पदार्थ खिला ट्रैक्टर ट्राली लूट की आशंका जताई है। एसओ संतोष सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।