उन्नाव/शुक्लागंज। भारत-पाक के बीच खेले गए मैच का खुमार शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में दिखा। इस हाई वोल्टेज मैच का आनंद लेने के लिए लोग घरों में ही रहे। इससे सड़कों व बाजारों में सन्नाटा रहा।
वहीं, इलेक्ट्रानिक दुकानों में चल रहे टेलीविजन में भी मैच देखने वालों की भीड़ नजर आई। पाक का अंतिम विकेट गिरते ही क्रिकेट प्रेमी खुशी से झूम उठे। मैच खत्म होते ही लोग सड़कों पर निकले और पटाखे फोड़कर खुशी का इजहार किया।
रविवार को वर्ल्ड कप के ग्रुप बी में भारत-पाक के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। सुबह 9 बजे से मैच शुरू होना था। इसको देखते हुए लोगों ने सुबह 8 बजे ही सारा काम धंधा समाप्त कर लिया। जैसे ही मैच शुरू हुआ लोग टीवी से चिपक गए।
टीम इंडिया ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया तो लोगों के चेहरे खिल उठे। हालांकि रोहित शर्मा का विकेट जल्दी गिर जाने से लोगों को कुछ निराशा हुई लेकिन इसके बाद शिखर धवन और विराट कोहली की बैटिंग ने लोगों को टीवी के आगे से नहीं हटने दिया।
टीम इंडिया के 300 रनों का स्कोर बनाने पर कुछ लोगों ने इसे ही जीत मान लिया। भारत-पाक मैच के चलते सड़कों व बाजारों में लोगों की अन्य दिनों की अपेक्षा भीड़ कम रही। वहीं, लाइन में भी पुलिसकर्मी टीवी स्क्रीन के सामने डटे रहे।
शाम 5 बजे के करीब जैसे ही टीम इंडिया ने पाक को हराया वैसे ही सड़कों पर जश्न शुरू हो गया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक भारत-पाक मैच के ही चर्चे होते रहे। गंजमुरादाबाद प्रतिनिधि के अनुसार, कस्बेवासियों में भी मैच का जुनून सिर चढ़कर बोला। बिजली न आने पर लोगों ने बैट्री आदि की व्यवस्था करके मैच का आनंद लिया।
इसके अलावा उन्नाव-शुक्लागंज क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से भारत की जीत होने पर एक विजय जुलूस भी निकाला गया। इसमें अवधेश त्रिवेदी, योगेश मिश्रा, अमित मिश्रा, हिमांशु, अमन, ओम मिश्रा, कमल दोसर, प्रदीप शुक्ला, राहुल पांडेय, शिवम, हिमालय वर्मा, शिवम शुक्ला आदि शामिल रहे।