अगली सुनवाई की तारीख 27 फरवरी तय हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। दुष्कर्म पीड़िता के चाचा के खिलाफ चल रहे मुकदमों में मंगलवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायालय कोर्ट नंबर छह और एसीजेएम द्वितीय न्यायालय में अलग-अलग मामलों में पेशी होनी थी। लेकिन दोनों कोर्टें खाली होने से कोर्ट नंबर छह के न्यायाधीश ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से सुनवाई की। आगे की तारीख 27 फरवरी दी है।
सजायाफ्ता पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर प्रकरण में दुष्कर्म पीड़िता के चाचा के खिलाफ चल रहे मुकदमों में अपर जिला एवं सत्र न्यायालय कोर्ट नंबर छह और एसीजेएम दो के न्यायालय में अलग-अलग मामलों में वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी होनी थी। अपरान्ह दो बजे का समय तय था। लेकिन अपर जिला एवं सत्र न्यायालय कोर्ट नंबर छह के न्यायाधीश आलोक शर्मा का स्थानांतरण गैंगस्टर कोर्ट और एसीजेएम दो का स्थानांतरण अन्य कोर्ट में हो जाने से, सुनवाई एसीजेएम तृतीय राजीव मुकुल पांडेय ने की। मालूम हो कि पीड़िता के चाचा एक मुकदमे में सजा होने तिहाड़ जेल में हैं। वकील अजय गौतम ने सुनवाई के लिए 27 फरवरी की तारीख तय कर दी है।