बीघापुर। जम्मू के रियासी में हुए आतंकी हमले में ग्राम बरुवा के मूल निवासी अतुल मिश्रा व उनकी पत्नी नेहा बाल-बाल बचीं। दंपती को हल्की चोटें आई हैं।
बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के बरुवा के मूल निवासी व वर्तमान में बनारस में रहने वाले अतुल मिश्रा अपनी पत्नी नेहा के साथ जम्मू-कश्मीर घूमने गए थे। रविवार को रियासी में आतंकियों ने श्रद्धालुओं से भरी बस में अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। अचानक हुए आतंकी हमले में दंपती बाल-बाल बचे। घटना की सूचना पैतृक गांव बरुवा पहुंचने पर गांव में मौजूद उनके चाचा के बेटे आलोक मिश्रा व चाची परेशान हो गए।
फोन पर बनारस से जानकारी ली। चचेरे भाई आलोक मिश्रा ने बताया कि घटना में अतुल व उनकी पत्नी बाल-बाल बचे हैं। दो-तीन दिन बाद वह बनारस जाएंगे। अतुल का परिवार लगभग 50 वर्ष से बनारस में ही रहता है। अतुल एकाउंटेंट का काम करते हैं।