उन्नाव में एक्सप्रेसवे पर हादसे में क्षतिग्रस्त कार। संवाद
- फोटो : UNNAO
बांगरमऊ (उन्नाव)। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के बहलोलपुर गांव के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार दंपती की मौत हो गई। घायल बेटी व भतीजे का इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार चालक को झपकी आने से हादसा हुआ है।
प्रतापगढ़ जिले के थाना लालगंज के गांव नयापुरवा निवासी शंभूशरण वर्मा (60), पत्नी उर्मिला (55), बेटी रितू (21) और भतीजे नागेंद्र (26) के साथ गुरुग्राम में रेलवे में कार्यरत बेटे इंदल के यहां गए थे।
शुक्रवार देर रात कार से चारों प्रतापगढ़ के लिए निकले थे। कार भतीजा नागेंद्र चला रहा था। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह करीब चार बजे बहलोलपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में उर्मिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पति, बेटी व भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपीडा की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बांगरमऊ पहुंचाया। वहां से उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में शंभू ने दम तोड़ दिया।
परिजनों में मचा कोहराम
मृतकों के एक बेटा व तीन बेटियां हैं। बेटी रितू की शादी नहीं हुई है। जबकि बेटे इंदल, बेटी सुनीता व अनीता का विवाह हो चुका है। दंपती की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
उन्नाव में सड़क हादसे में मृत दंपती शंभूशरण व उर्मिला का फाइल फोटो। संवाद- फोटो : UNNAO
उन्नाव में हुए हादसे में घायल रितू। संवाद- फोटो : UNNAO
उन्नाव में हुए हादसे में घायल नागेंद्र बांगरमऊ सीएचसी में भर्ती। संवाद- फोटो : UNNAO