उन्नाव। मतगणना की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। एक्जिट पोल ने प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। अब सबकी निगाहें सिर्फ चार जून को होने वाली वोटों की गिनती पर लगी हैं। वहीं, जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
जिले में 13 मई को लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान हुआ था। इसके बाद ईवीएम कड़ी सुरक्षा के बीच दही चौकी वेयरहाउस में रखवाई गई हैं। अब मतगणना चार जून को होनी है। वोटों की गिनती में सिर्फ 24 घंटे का ही समय शेष बचा है। ऐसे में उम्मीदवारों की धुकधुकी तो तेज हो ही गई है उनके समर्थकों की भी बेचैनी बढ़ गई है। परिणाम कुछ भी रहें लेकिन हर समर्थक अपने प्रत्याशी की ही जीत तय मान रहा है। सोशल मीडिया हो या सूचना के अन्य पारंपरिक स्रोत सभी में कौन बनेगा प्रधानमंत्री से लेकर जनपद से कौन जीतेगा इसके कयास लग रहे हैं।
यही नहीं वोटों की जीत-हार, पहले स्थान के साथ दूसरे और तीसरे पर कौन रहेगा इस पर भी खूब चर्चा हो रही है। उधर, शनिवार शाम जैसे ही सातों चरण की मतदान प्रक्रिया समाप्त हुई वैसे ही चैनलों ने एक्जिट पोल दिखाने शुरू कर दिए। इसको लेकर लोगों में मतगणना को लेकर बेचैनी बढ़ गई। जिले में सांसद बनने की रेस में आठ प्रत्याशी हैं। अब इनमें से किसकी किस्मत चमकेगी इसका खुलासा तो मंगलवार को ही होगा लेकिन तब तक सिर्फ कयासों के आधार पर हर उम्मीदवार खुद को जीत मिलने का दावा कर रहा है।
पुराने चेहरों पर ही लगा है दांव
इस लोकसभा चुनाव में दो प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने पुराने चेहरों पर ही दांव लगाया हुआ है। सपा-कांग्रेस गठबंधन से जहां अन्नू टंडन हैं जो तीन बार लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। एक बार जीतकर संसद भी पहुंची हैं। वहीं, भाजपा ने वर्तमान सांसद साक्षी महाराज को मैदान में उतारा है। वह लगातार तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। दो बार उनके सिर जीत का सेहरा बंध चुका है। बसपा से अशोक पांडेय मैदान में हैं। जो पहला चुनाव लड़ रहे हैं। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि पार्टियों का यह भरोसा कितना कारगर साबित होता है।
लगाए गए हैं 33 सीसीटीवी कैमरे
मतगणना चार जून को सुबह आठ बजे से शुरू होगी। इसके अनुसार अब वोटों की गिनती के लिए महज एक दिन का ही समय शेष बचा है। इसको लेकर जिला प्रशासन ने मतगणना की फुलप्रूफ तैयारी कर ली है। कार्मिकों को पहले चरण में 28 मई को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। दूसरी ट्रेनिंग एक जून व छूटे कार्मिकों का रविवार को प्रशिक्षण दिया गया। दही चौकी स्थित वेयरहाउस में बैरिकेडिंग व 33 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि सारी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। सोमवार को आब्जर्वर के सामने ड्राई रन किया जाएगा। मंगलवार सुबह आठ बजे से गिनती शुरू होगी।