उन्नाव। शहर के मोहल्ला मोतीनगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कैंपस स्थित इंट्रीलेरेटेड लर्निंग कैंप के रसोइया का शव गुरुवार सुबह स्कूल परिसर में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। कैंप प्रभारी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जानकारी देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चर्चा है कि शहर की एक किशोरी के भागने पर पुलिस रसोइया की संलिप्तता की आशंका पर उसे पूछताछ के लिए बुला रही थी। तनाव में आकर उसने यह कदम उठाया।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के माथर गांव निवासी आनंद श्रीवास्तव (24) पुत्र दिवंगत रामनारायण श्रीवास्तव इंट्रीलेरेटेड लर्निंग कैंप में 5 अगस्त 2019 को संविदा पर केयर टेकर के पद पर तैनात हुआ था। 24 दिन काम करने के बाद वह कैंप के बच्चों के लिए खाना बनाने का काम करने लगा। लर्निंग कैंप प्रभारी शशिप्रभा ने बताया कि आनंद रात करीब 8:30 बजे खाना बनाने के बाद कैंप से चला जाता था। गुरुवार सुबह करीब छह बजे वार्डन उमेश गुप्ता ने उसका शव कैंप के बाहर पेड़ से लटका देखा। जिस पर पुलिस को सूचना दी गई। बताया कि चर्चा है कि गुरुवार रात आनंद दोस्ती नगर में एक पार्टी में खाना बनाने गया था। जहां उसने शहर की एक किशोरी के भागने में पुलिस द्वारा गलत तरीके से उसे फंसाए जाने की बात लोगों को बताई थी। आनंद अविवाहित था। कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि इस तरह की अभी तक कोई शिकायत नहीं आई हैं। शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कराई जाएगी ।