पाटन। खेसुआ गांव में चल रहे धर्मांतरण के खेल का बुधवार को खुलासा हुआ। बजरंगदल और विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ताओं ने क्रिसमस पर्व की प्रार्थना सभा में धर्मांतरण होता देख पुलिस को सूचना दी। एक महिला की तहरीर पर छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
बिहार थानाक्षेत्र के खेसुआ गांव में बुधवार को प्रार्थना सभा में धर्मांतरण की सूचना पर विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के जिला पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रार्थना सभा को बंद कराया और पुलिस को फोन पर सूचना दी। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि शारदा नाम की महिला प्रार्थना सभा का आयोजन कराती है। प्रार्थना सभा का विरोध करने पर शारदा और उसके बेटे राहुल, अजय, विजय, आशीष और मनीष अपने भोजपुर निवासी साथी रमेश और राजेश के साथ मारपीट करते हैं। उन्होंने जमीन पर भी कब्जा कर लिया और उसी जमीन पर प्रार्थना सभा शुरू करा दी।
तनाव की सूचना पर एसडीएम रणवीर सिंह और सीओ ऋषिकांत शुक्ला भी पहुंचे। तभी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग सह प्रचारक शिवशंकर, विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय सह मंत्री अविनाश, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष संजय शुक्ला, जिला सह संयोजक कार्तिकेय दीक्षित, आनंद दीक्षित, विश्व हिंदू परिषद के आरक्षक पुरोहित रत्नेश दीक्षित, दीपक शुक्ला, नारायण गिरी महाराज भी पहुंच गए।
घटना जानकारी करने के बाद इसी गांव निवासी प्रिया देवी की तहरीर पर पुलिस ने शारदा उसके बेटे राहुल, अजय, विजय, आशीष और मनीष पर धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष सुरेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।